फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कानपुर: पहले डुप्लीकेट चाबी बनवाई, फिर छह लाख में ससुर की सुपारी! पुलिस ने खोली हत्या की परतें

Mon, 07 Sep 2026 02:03 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला,कानपुर

सार

Kanpur News: कल्याणपुर के रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की जांच में अब परिवार के भीतर से साजिश रचे जाने का एंगल सामने आया है। पुलिस फिलहाल कारोबारी की बहू शालू की भूमिका की जांच कर रही है और उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या के लिए करीब छह लाख रुपये में सुपारी दिए जाने की बात सामने आई है।
विज्ञापन
दवा कारोबारी हत्या - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पुलिस के अनुसार हत्या का कारण लूट नहीं, बल्कि खर्च को लेकर पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। जांच में यह बात सामने आई है कि विनीत अपने बेटे को खर्च के लिए करीब 35 हजार रुपये प्रतिमाह देते थे। पुलिस इसी आर्थिक विवाद को हत्या की साजिश से जोड़कर देख रही है।

विज्ञापन

डुप्लीकेट चाबी से खुला हत्या का रहस्य

जांच में सामने आया है कि विनीत के पुराने नौकर विशाल को घर में आने-जाने की जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक, घर की डुप्लीकेट चाबी तैयार कराकर विशाल को दी गई थी, जिसके जरिए वह साथी राजकिशोर के साथ फ्लैट में दाखिल हुआ।

पुलिस की जांच के अनुसार दोनों ने कारोबारी के घर लौटने का इंतजार किया। इसके बाद मौका मिलते ही विनीत पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी फ्लैट से निकल गए थे। पुलिस ने बाद में मुठभेड़ के दौरान विशाल और उसके साथी राजकिशोर को गिरफ्तार किया था।

पुराने नौकर के बयान से खुली साजिश की परत

पुलिस के अनुसार पूछताछ में विशाल ने हत्या के पीछे बहू शालू की भूमिका का दावा किया है। उसके मुताबिक, हत्या के बदले रकम देने की बात हुई थी। हालांकि बहू की भूमिका और छह लाख रुपये की सुपारी संबंधी दावे की पुलिस जांच कर रही है और मामले में सामने आए बयानों व साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है।

विशाल पहले विनीत के यहां काम करता था। वर्ष 2021 में रुपये चोरी करने के आरोप में उसे काम से निकाल दिया गया था। इसके बावजूद वह परिवार के संपर्क में बना रहा और जन्माष्टमी के दिन भी फ्लैट में सजावट के लिए आया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी भूमिका की पड़ताल की।

पार्टी से लौटे तो खून से लथपथ मिले कारोबारी

घटना की रात विनीत का बेटा सुब्रत, बहू शालू और उनका छह वर्षीय बच्चा पार्टी में गए थे। देर रात लौटने पर फ्लैट का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर विनीत का शव बेडरूम में खून से लथपथ पड़ा मिला। उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।

जांच में यह भी सामने आया कि घर से नकदी, जेवर या अन्य सामान गायब नहीं था। इससे पुलिस को शुरुआती स्तर पर ही मामला लूट के बजाय सुनियोजित हत्या का लग रहा था। पुलिस अब शालू की भूमिका, छह लाख रुपये की कथित सुपारी, डुप्लीकेट चाबी तैयार कराने और आरोपियों के बीच हुई बातचीत समेत पूरी कड़ी के साक्ष्यों की जांच कर रही है।

बेटे के कमरे में छिपे थे दोनों आरोपी, वहां पहुंचते ही किया हमला

पुलिस ने पूछताछ के आधार पर वारदात का तरीका भी बताया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों हत्यारोपी विनीत के बेटे के कमरे में छिपकर बैठे थे। उन्हें उम्मीद थी कि विनीत अपने कमरे में चले जाएंगे। हालांकि विनीत अपने कमरे में जाने के बजाय बेटे के कमरे में पहुंच गए।

पुलिस के अनुसार, जैसे ही विनीत कमरे में दाखिल हुए, विशाल ने उन पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। अचानक हुए हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से निकल गए।
विज्ञापन

दो लाख वारदात के बाद, चार लाख 15 दिन बाद देने की बात

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या की सुपारी की रकम को लेकर भी जानकारी सामने आई है। शालू ने कथित तौर पर दो लाख रुपये वारदात के बाद और चार लाख रुपये 15 दिन बाद देने की बात कही थी। पुलिस इस रकम से जुड़े दावे और आरोपियों के बीच लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें