सास-बहू की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में हादसे की जद में आईं हैदराबाद कस्बा के मोहल्ला बिनोवा नगर निवासी राधिका मौर्य (55) पत्नी सोहनलाल सुबह करीब 8 बजे घर में झाड़ू लगा रही थी। कमरे में टेबल फैन का केबल कटा था। टेबल हटाकर कूड़ा निकालने के प्रयास में वह करंट की चपेट में आ गई। चीख सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद बहू जयदेवी (27) पत्नी अजय मौर्य ने सास को पंखे से अलग करने का प्रयास किया तो वह भी चिपक गई। सोहनलाल, अजय व अजय का छोटा भाई आशीष हैदराबाद कस्बा के बाहर चौराहे पर स्थित अपनी बीज भंडार की दुकान पर थे।
आशीष खाना खाने के लिए घर पहुंचा तो मां और भाभी को टेबल फैन में चिपका और बेहोश पड़ा देखा। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग पहुंचे। दुकान पर पिता व बड़े भाई को सूचना दी गई। मियागंज स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। आसीवन एसओ जयशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों शव पोस्टमार्टम को भेजे। पति सोहनलाल ने बताया कि बहू के दो छोटे बेटे रितिक व प्रतीक हैं। एसपी हरीश कुमार ने बताया कि करंट लगने से सास- बहू की मौत हो गई। बहू जयदेवी मियागंज स्वास्थ्य केंद्र में आशा कार्यकर्ता के पद पर तैनात थी।