रसूलाबाद (कानपुर देहात)। उसरी गांव में दंगल के दूसरे दिन भी अयोध्या के पहलवान बाबा राजितराम का दबदबा रहा। उन्होंने दंगल श्री का खिताब अपने नाम कर लिया। दिल्ली की महिला पहलवान कविता ने बाजी मारी।
गुरुवार को थानाध्यक्ष तुलसीराम पांडेय ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर कुश्ती शुरू कराई। हरियाणा की महिला पहलवान पूनम और दिल्ली की कविता के बीच कुश्ती हुई। कविता ने कुश्ती जीतकर पांच हजार का इनाम पाया। 15 हजार रुपये के इनाम की कुश्ती नेपाल के राहुल थापा और राजस्थान गंगानगर के शमशेर के बीच हुई। शमशेर ने कुश्ती जीती। नेपाल के नरेश और दिल्ली के अनुज की कुश्ती बराबर पर छूटी। क्योंटरा औरैया के मनोज ने मथुरा के बृजेश को पटखनी देकर 11 हजार रुपये का इनाम पाया। पंजाब के कृष्णा ने नेपाल के नरेश थापा को पटखनी देकर 11 हजार रुपये का इनाम अपने नाम किया। नेपाल के राहुल ने मुरादाबाद के दानिश को चित कर 11 हजार रुपये जीते। हनुमानगढ़ी अयोध्या के बाबा राजित राम ने राजस्थान के गोल्टा को हराकर 15 हजार रुपये का इनाम अपने नाम कर लिया।
सोनू कानपुर ने मनोज क्योंटरा औरैया को पटखनी दी। झींझक के पुष्पेंद्र ने फिरोजाबाद के मनोज को पटखनी देकर पांच हजार रुपये की कुश्ती जीती। क्योटरा औरैया के मनोज ने नेपाल के राहुल थापा को हराया। समापन कुश्ती अयोध्या के राजित राम और गंगानगर राजस्थान के शमशेर के बीच हुई। इसमें भी राजित राम ने शमशेर को चारों खाने चित कर दंगल श्री का खिताब अपने नाम किया। उन्हें आयोजक उदय प्रताप सिंह ने दंगल के अतिरिक्त 11 हजार रुपये का इनाम दिया। इस मौके पर प्रधान किरण देवी सेंगर, मनोज दीक्षित, रामू दुबे, लाल सिंह कुशवाहा, अनुरोध द्विवेदी, डॉ. रमेश यादव मौजूद रहे।