यूपी एक बार फिर शर्मसार हुई है। बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दलित किशोरी को युवकों ने अगवा कर गैंगरेप किया। किशोरी के पिता ने तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को दो नामजद समेत सात के खिलाफ रेप समेत कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज किया है। हालत गंभीर होने की वजह से किशोरी को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीय दलित किशोरी सोमवार शाम घर से कुछ दूर स्थित टेलर की दुकान से कपड़ों की नाप देकर घर लौट रही थी। बीच रास्ते में सात युवकों ने उसे दबोच लिया। मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और आंखों में पट्टी बांध कर किशोरी को ओवरहेड टैंक के पीछे खींच ले गए और गैंगरेप किया। घर में किसी से कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देकर युवक भाग निकले।
किशोरी किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। इस पर किशोरी को लेकर उसका पिता थाने पहुंचा। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद एवं पांच अज्ञात के खिलाफ धारा रेप, अपहरण एवं पास्को एक्ट समेत एससी/एसटी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
किशोरी की हालत गंभीर होने पर मंगलवार को उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल की चार सदस्यीय महिला डाक्टरों के पैनल ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण किया। सूत्र बताते हैं कि मेडिकल रिपोर्ट में भी किशोरी के साथ गैंगरेप की पुुष्टि हुई है। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।