यूपी में औरैया में लड़की से छेड़छाड़ का एक मामला सामने आया है। यहां लड़की से घर में घुस कर छेड़छाड़ करने पर आक्रोशित लोगों ने कोतवाली का घेराव किया। औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की शाम लगभग 6:30 बजे खानपुर निवासी रहीश व इरफान पुत्रगण राशिद दो साथियों के साथ एक घर में घुस गए। उन्होंने घर में मौजूद लड़की से छेड़छाड़ शुरू कर दी। घर में मौजूद दंपति ने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने उन्हें पीट दिया।
इसकी चर्चा फैलते ही भारी संख्या में लोग कोतवाली पहुंच गए और घेराव किया। सदर विधायक रमेश दिवाकर भी कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली में मौजूद इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज करने के आदेश दिए। आदेश मिलते ही कोतवाली में दो नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है।