कानपुर। किदवईनगर स्थित मार्बल बाजार स्थित विजया एजेंसी के बाहर लोगों ने सिलिंडर न मिलने पर हंगामा किया। ओटीपी न आने के कारण उन्हें गैस नहीं मिल सकी। स्थिति बिगड़ने पर कर्मचारियों ने तकनीकी समस्या का हवाला देकर उन्हें शांत कराया।
तेज धूप के बीच लाइन में लगीं कुछ महिलाओं की तबीयत बिगड़ गई। इस पर परिजन आनन फानन उन्हें घर लेकर गए। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई दिन पहले बुकिंग कराने के बावजूद सिलिंडर की डिलीवरी नहीं मिल रही है। सिलिंडर उपलब्ध होने पर भी सर्वर में दिक्कत और ओटीपी न आने का बहाना बनाने का आरोप लगाया। एजेंसी की तरफ से कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल रहा है।