फर्रूखाबाद के शमसाबाद में एजेंसी पर गैस सिलिंडर लेने गए उपभोक्ताओं से प्रति सिलिंडर 63-63 रुपये की अधिक वसूली की गई। इसकी शिकायत पर तहसीलदार ने दस उपभोक्ताओं के रुपये वापस करवा कर मुफ्त में सिलिंडर दिलवाए।
गांव फैजबाग में एक गैस एजेंसी में गुरुवार को सिलिंडर लेने वालों की भीड़ लग गई। उपभोक्ताओं से 765 रुपये की बजाए 828 रुपये की वसूली कर सिलिंडर दिया गया। इसका विरोध करने पर उपभोक्ताओं की गैस एजेंसी संचालक से नोकझोंक हो गई।
कई उपभोक्ता अधिक धन देकर गैस सिलिंडर लेकर चले गए। दस उपभोक्ताओं ने अधिक रुपये भुगतान कर दिए। पर इसका विरोध करने के साथ उन्होंने थानाध्यक्ष व तहसीलदार से फोन पर शिकायत कर दी। सप्लाई इंस्पेक्टर हिमाचल कुमार मौके पर पहुंचे और जांच कर तहसीलदार को रिपोर्ट दी।