चौक सर्राफा की ज्वैलरी शॉप पर गुुरुवार शाम को धमाके के साथ दुकान में रखा सिलेंडर फट गया। इससे दुकान में आग लग गई। हादसे में दुकानदार सहित छह लोग झुलस गए।
व्यापारियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। इसी दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी पहुंची और आग बुझाई। वहीं दुकान के ऊपर किराए पर रहने वाला परिवार फंस गया। काफी मशक्कत के बाद परिवार को बाहर निकाला गया।
चौक सर्राफा भारत मार्केट में संजय और मोनू वर्मा की ज्वैलरी शॉप है। दुकान में शाम को छोटे सिलेंडर से सोना गलाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान गैस लीकेज होने से दुकान में आग लग गई। दुकानदार और कर्मचारियों ने भागने का प्रयास किया तो सिलेंडर में धमाका हो गया।
इसमें संजय, मोनू, कर्मचारी अभिषेक, सुमित, अमन और करन झुलस गए। तेज धमाके से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। बाजार के लोगों ने दौड़कर आग बुझाई। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।
हादसे के बाद मालिक और कर्मचारी वहां से भाग निकले। कोतवाली पुलिस ने सिर्फ एक कर्मचारी को उर्सला में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि धमाके की चपेट में आने से कर्मचारी मामूली रूप झुलसे हैं।