किदवई नगर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रूमा देवी से ठगी हो गई। रूमा ने बैंक कर्मचारी पर आरोप लगाकर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। रूमा के मुताबिक पीएनबी मेस्टन रोड शाखा में उनका खाता है। आरोप है कि बैंक कर्मचारी ने उनके एटीएम कार्ड और ओटीपी का गलत इस्तेमाल करके खाते से 60 हजार रुपये निकाल लिए। कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ला का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
जूही बारादेवी स्थित पुलिस कालोनी निवासी रूमा देवी ने बताया कि उनका खाता पीएनबी मेस्टन रोड शाखा में है। पिछले माह सात दिसंबर को उनके मोबाइल पर बैंककर्मी राजेश शुक्ला ने फोन किया और एटीएम कार्ड चालू करने का झांसा देकर कार्ड नंबर व ओटीपी (वनटाइम पासवर्ड) पूछ लिया।
इसके बाद खाते से रकम निकाल ली। बैंक में शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं हुई, तब तहरीर दी। कोतवाली इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार शुक्ला ने बताया कि धोखाधड़ी व आइटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल से जांच कराई जा रही है।