साइबर ठगों ने किसान को लगाया 9 लाख का चूना
- फोटो : Demo
हरदोई में लोन के लालच में फंसकर एक किसान ने धीरे-धीरे अपने पास से 9 लाख रुपये गंवा दिए। साइबर ठगों ने लोन दिलाने का झांसा देकर चूना लगा दिया। शनिवार को पीड़ित ने एएसपी पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
सांडी कस्बा के मोहल्ला मुंशीगंज निवासी सुबोध राठौर पुत्र रामनाथ राठौर खेती करता है। उसने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसने न्यूज पेपर में लोन दिलाने वाली कंपनियों के एड पढ़े थे। एड में लिखे नंबरों पर उसने काल पर लोन के बारे में बातचीत की।
उसी दिन उसने करीब चार कंपनियों से लोन की जानकारी ली। उसने बताया चारों कंपनियों के एजेंटों ने उसे लोन दिलाने का अश्वासन दिया। उसे झांसे में लेकर कागजात और एकांउट नंबर मांग लिए। पीड़ित ने बताया कि चारों कंपनियों के एजेंटों ने लोन दिलाने से पहले आने वाले खर्चे की मांग की।
उसने एकाउंट पर धीरे-धीरे करके 8-9 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद भी लोन स्वीकृत न होने पर उसे शंका हुई। उसने दोबारा फोन एजेंटों के नंबरों पर काल की तो नंबर ही बंद मरृले। इसकी शिकायत पीड़ित ने साइबर क्राइम आफीसर को दी। जहां पर उसे कार्रवाई का अश्वासन दिया गया। लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। शनिवार को पीड़़ित ने एएसपी पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रार्थना पत्र देकर न्याय गुहार लगाई है।