ससुराल और सीसामऊ पुलिस की पिटाई से आहत बिजली मिस्त्री कपिल ने मंगलवार को अपनी गर्दन रेत ली। लहूलुहान हालत में वह रावतपुर पुलिस चौकी जा पहुंचा। घायल को देखकर पुलिस वालों के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने उसे हैलट में भर्ती कराया गया।
रावतपुर केशव नगर निवासी कपिल(28) मां के साथ रहता है। परिवार में पत्नी पूजा और डेढ़ साल की बेटी है। कपिल को शराब पीने की आदत है। इससे पत्नी नाराज होकर पिछले 10 नवंबर को मायके द्वारिकापुरी (सीसामऊ) चली गई थी। कपिल का कहना है कि वह बेटी से मिलने सोमवार को अपनी ससुराल गया था तो पत्नी विरोध करने लगी।
भरोसा दिया कि अब शराब नहीं पीएगा, मारपीट नहीं करेगा। बच्ची को लेकर घर चलो। पत्नी नहीं मानी और भगा दिया। रात में वह दोबारा पहुंचा तो ससुराल वालों ने पीटा और सीसामऊ पुलिस बुला ली। पुलिस उसे थाने ले गई और नशे में होने की बात कह बाइक जमा कर ली। मारापीटा और देर रात छोड़ दिया।
मां ने बताया कि वह सुबह बेटे के साथ सीसामऊ थाने पहुंची तो वहां बाइक वापस करने की बात पर बेटे का पुलिस से झगड़ा हो गया। आरोप है कि पुलिस वालों ने मारा पीटा, भगा दिया। दोनों घर आ गए। गर्दन रेतने की बात तब पता चली जब रावतपुर की पुलिस उसे बताने आई। हैलट में भर्ती कपिल का कहना है कि उसे केवल बेटी दिला दी जाए, कभी ससुराल नहीं जाएगा।