घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस
- फोटो : amar ujala
कानपुर में नौबस्ता के बसंत विहार स्थित इंद्रप्रस्थ गेस्ट हाउस में गुरुवार रात शादी समारोह के दौरान सात साल के तेजस तिवारी की कूलर में करंट उतरने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेजस बच्चों के साथ खेल रहा था तभी उसने कूलर को छू लिया था।
घटना से गुस्साए परिजनों ने गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक को हिरासत में लेकर मामला शांत कराया। बिधनू शिवगंज चौराई गांव निवासी कपड़ा व्यापारी आशीष तिवारी ने बताया कि उनके भतीजे विनय की गेस्ट हाउस में शादी थी।
रात को जयमाल के बाद के कार्यक्रम हो रहे थे। इस बीच उनका बेटा तेजस कूलर में उतरे करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने तेजस को मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने गेस्ट हाउस संचालक पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया।
भीड़ ने गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर संचालक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर गेस्ट हाउस संचालक सुरेंद्र कुमार दुबे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।