विजेता छत्रपति शाहूजी महाराज विवि की टीम।
- फोटो : विश्वविद्यालय
कानपुर। रोहतक स्थित एमडीयू विवि में आयोजित उत्तर क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप में छत्रपति शाहूजी महाराज विवि (सीएसजेएमयू) की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। इसमें सीएसजेएमयू ने बीएमयू अस्थल बोहर हरियाणा की टीम को 215 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसजेएमयू की टीम ने माही राजपूत और दीक्षा की नाबाद शतकीय पारियों के दम पर बिना कोई विकेट गंवाए 245 रन बनाए।
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम कानपुर की सधी हुई गेंदबाजी के सामने मात्र 30 रन पर ढेर हो गई। सिम्मी थापा ने चार ओवर में 10 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं वर्षा ने तीन ओवर में छह रन देकर तीन विकेट और आयुषी ने चार ओवर में छह रन देकर दो विकेट लिए। कोच डॉ. विपेंद्र सिंह परमार ने बताया कि सीएसजेएमयू की टीम का अगला मुकाबला आगरा यूनिवर्सिटी से होगा।