जीवन के उत्तरार्ध में अधिकतर लोग आराम की चाह रखते हैं, वहीं कुछ लोग ज्ञान और आध्यात्मिकता की राह तलाश रहे हैं। ऐसे ही 12 वरिष्ठ नागरिकों ने छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में शुरू हुए एमए हिंदू स्टडीज कोर्स में दाखिला लिया है। उनके लिए ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा दी गई है।
विश्वविद्यालय के लाइफलांग लर्निंग विभाग की ओर से एमए हिंदू स्टडीज कोर्स का नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो गया है। इस बार 12 वरिष्ठ नागरिकों ने प्रवेश लिया है। इनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनकी सुविधा के लिए ऑनलाइन कक्षाओं की व्यवस्था की है। वह घर बैठे ही पढ़ाई कर पा रहे हैं। यह पहल उन वरिष्ठजनों के लिए लाभकारी है, जो उम्र या स्वास्थ्य कारणों से नियमित रूप से विश्वविद्यालय नहीं आ सकते हैं।
पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को वेद-उपनिषद, रामायण, महाभारत, श्रीमद्भगवद्गीता, भारतीय दर्शन, धर्मशास्त्र और योगविद्या का गहन एवं प्रमाणिक अध्ययन कराया जाता है। उन्हें यह भी सिखाया जाता है कि सनातन आध्यात्मिक सिद्धांतों को दैनिक जीवन में किस प्रकार अपनाया जाए। भारतीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य और दर्शन में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए भी यह कार्यक्रम आकर्षक है। विश्वविद्यालय में हिंदू अध्ययन विषय में पीएचडी की भी सुविधा है।
दो साल का है कोर्स
यह कोर्स दो साल का है। इसमें किसी भी विषय में स्नातक कर चुके छात्र आवेदन कर सकते हैं। फीस 11,200 (प्रथम वर्ष) रुपये है। प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। अभ्यर्थी सोशल साइंस संकाय में डॉ. उद्धव सुरेका से संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।