कानपुर। कुलाधिपति के आदेश के बाद छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), हरकोर्ट बटलर टेक्निकल एजुकेशन (एचबीटीयू) और चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्यौगिकी विवि के दीक्षांत की तिथि जारी की गई है। एचबीटीयू में दीक्षांत आठ जुलाई, सीएसजेएमयू में नौ जुलाई को होगा। सीएसए विवि में 10 जुलाई को दीक्षांत प्रस्तावित है।
तीनों ही विश्वविद्यालयों में अंतिम चरण में परीक्षाएं संपन्न हो रही हैं। जून के तृतीय सप्ताह तक सभी पाठ्यक्रमों का परीक्षा परिणाम जारी करने का लक्ष्य है। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पिछले दिनों विश्वविद्यालयों की समीक्षा के दौरान सभी को जुलाई में दीक्षांत कराने का निर्देश दिया था। कुलाधिपति ने कहा था कि जो विवि जुलाई में दीक्षांत नहीं करा पाएंगे उनके दीक्षांत में न तो वह स्वयं और न ही कोई मंत्री आएंगे। इस आदेश के बाद अधिकतर विश्वविद्यालयों ने तैयारी शुरू कर दी है।
सीएसजेएमयू प्रशासन नौ जुलाई को दीक्षांत समारोह का आयोजन करेगा। विवि पहली बार स्नातक और परास्नातक परीक्षा के साथ ही एलएलबी, बीए-एलएलबी, बीएड, एमएड आदि की परीक्षाएं भी संचालित करा रहा है। एचबीटीयू और सीएसए विवि प्रशासन का भी कहना है कि जून के तृतीय सप्ताह तक परीक्षा व रिजल्ट संबंधी कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी। विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि संस्थान का 41वें दीक्षांत समारोह की तैयारी शुरू हो गई है। सभी अधिकारी व प्रोफेसरों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।