कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की दो दिवसीय अंतर महाविद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित डीएवी ट्रेनिंग कॉलेज में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में 11 कॉलेजों के 49 और महिला वर्ग में 11 कॉलेजों की 44 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। महिला वर्ग में सीएसजेएमयू और पुरुष वर्ग में वीएसएसडी कॉलेज विजेता बने।
महिला वर्ग में सीएसजेएमयू ने सात अंक लेकर पहला स्थान, जागरण कॉलेज ने छह अंक के साथ दूसरा और बीएनडी कॉलेज ने पांच अंक हासिल कर तीसरा स्थान पाया। पुरुष वर्ग में वीएसएसडी कॉलेज ने सात अंक प्राप्त कर पहला, सीएसजेएमयू छह अंक के साथ दूसरे और पीपीएन डिग्री कॉलेज पांच अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में डीएवी ट्रेनिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. श्रीकृष्ण पटेल व सीएसजेएमयू के क्रीड़ा विभाग के डॉ. प्रभाकर पांडेय ने खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान किए।
अगली प्रतियोगिता के लिए दोनों वर्गों से 10-10 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से चयनित खिलाड़ियों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। महिला वर्ग की चयनित खिलाड़ी 26 से 29 अक्तूबर तक सीएसजेएमयू में होने वाली नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। वहीं पुरुष वर्ग की टीम 15 से 18 नवंबर तक एमिटी यूनिवर्सिटी गुरुग्राम (हरियाणा) में होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।