छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में लंबे समय बाद शुरू हो रहे प्री-पीएचडी कोर्स के लिए रविवार को विश्वविद्यालय प्रशासन ने पाठ्यक्रम और पेपर पैटर्न जारी कर दिया। पीएचडी प्रवेश परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को प्री-पीएचडी कोर्स में दाखिला दिया जाएगा।
इन छात्रों को छह माह का कोर्स कराया जाएगा और उसके बाद फिर से एक परीक्षा होगी। परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को ही पीएचडी के लिए गाइड आवंटित किया जाएगा। प्री-पीएचडी कोर्स के लिए 20 जून के बाद काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी। दो दिनों में इसके लिए शेड्यूल जारी हो जाएगा।
जेआरएफ क्वालीफाई 302 अभ्यर्थियों को सीधे काउंसलिंग में मिलेगा मौका
बता दें कि पीएचडी के लिए पहली बार विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षा कराई है। 24 विषय से पीएचडी के लिए 354 छात्रों ने प्रवेश परीक्षा पास की है। वहीं जेआरएफ क्वालीफाई 302 अभ्यर्थियों को सीधे काउंसलिंग में मौका मिलेगा। इस तरह से कुल 656 छात्रों को पीएचडी के लिए पहले प्री-पीएचडी कोर्स पास करना होगा। इसके बाद जनवरी माह में उन्हें विषय के अनुसार गाइड आवंटित किया जाएगा, जिनके दिशा-निर्देशन में वे अपना शोध कार्य पूरा करेंगे।
कोर्स के लिए यहां बनाए गए केंद्र
विश्वविद्यालय के एजुकेशन विभाग को एडल्ड एजुकेशन, एजुकेशन, एजुकेशन ट्रेनिंग, आईबीएम विभाग को एमबीए, इकोनॉमिक्स, कॉमर्स, लाइफ साइंस विभाग को लाइफ साइंस, बॉटनी, जुलोजी के प्री-पीएचडी कोर्स का केंद्र बनाया गया है।
बीएनडी कॉलेज में फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित, एग्रीकल्चर, डीजी कॉलेज में साइकोलॉजी, म्यूजिक, ड्राइंग एंड पेंटिंग, गृहविज्ञान, अर्मापुर पीजी कॉलेज में हिंदी, डीएवी कॉलेज में फिलॉस्पी, डिफेंस स्टडीज, जियोग्राफी, एसएन सेन कॉलेज में समाजशास्त्र और क्राइस्ट चर्च कॉलेज में राजनीति विज्ञान और इतिहास का प्री-पीएचडी कोर्स का केंद्र बनाया गया है।