कानपुर। दुग्ध, प्रसंस्करण तकनीक, मूल्य संवर्धन, प्रशिक्षण तथा उद्योग में विवि को नई दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और मदर डेयरी फ्रूटस एंड वेजिटेबल नोएडा के बीच शुक्रवार को समझौता हुआ। विवि के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता व मदर डेयरी के सीनियर मैनेजर भूपेंद्र कुमार सिंह ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
विज्ञापन
विवि के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने कहा कि समझौते से डेयरी विभाग के छात्र उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार हो सकेंगे। खाद्य प्रसंस्करण एवं डेयरी तकनीक से संबंधित अत्याधुनिक तकनीकों का आदान-प्रदान, प्रशिक्षण कार्यक्रम, औद्योगिक भ्रमण, इंटर्नशिप, संयुक्त शोध कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इस मौके डॉ. महक सिंह, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. वीके त्रिपाठी, डॉ. कौशल कुमार, डॉ. सीमा सोनकर, डॉ. अजय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।