महोबा जिले के कबरई में क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी मौत मामले में पुलिस उनकी पिस्टल की खोजबीन में लगी है लेकिन पिस्टल का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालांकि पिस्टल का लाइसेंस उनकी कार के अंदर मिला था।
जवाहर नगर निवासी इंद्रकात के पास पिस्टल थी। जिसे वो साथ लेकर चलते थे। लेकिन घटना के बाद से गायब है। मौत के बाद इंद्रकांत के लाइसेंसी शस्त्रों का पता लगाने के लिए मंगलवार को जांच टीम के प्रभारी कोतवाली चरखारी इंस्पेक्टर विपिन त्रिवेदी उनके घर पहुंचे।
जहां पर लाइसेंसी राइफल तो घर पर मिल गई लेकिन पिस्टल का कोई सुराग नहीं लग सका। टीम ने मृतक के भतीजे शरद और भाई विजय से मिलकर घर में भी पिस्टल खोजने को कहा। इंस्पेेक्टर ने बताया कि अभी पिस्टल की तलाश की जा रही है। जांच कई एंगल पर चल रही है।
आईजी पहुंचे कबरई थाना
आईजी के. सत्यनारायण मंगलवार को सुबह कबरई थाने पहुंचे। घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया। कबरई थानाध्यक्ष अभिमन्यु यादव ने बताया कि पीड़ित के घर जाकर उनके भाई रविकांत और पूर्व चेयरमैन शिवपाल तिवारी के बयान लिये गए हैं।
एएसपी पर लगाया पक्षपात का आरोप
पूर्व चेयरमैन शिवपाल तिवारी ने एएसपी वीरेंद्र कुमार पर पक्षपात के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इंद्रकांत के दाह संस्कार के बाद मृतक के ही दो पार्टनरों बल्लू और पुरुषोत्तम को उठा लिया और पीड़ित परिवार के साथ अभद्रता की। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की भी मांग की है।