फोटो-जाम में फंसे ई-रिक्शा व सड़क किनारे सजी दुकान। संवाद
झींझक। त्योहार नजदीक आते ही खरीदारी के लिए बाजार में भीड़ बढ़ गई है। गुरुवार को उमड़ी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी नजर आई। सड़क दुकानें लगी होने के कारण अपराह्न 11 बजे के करीब नहर पुल से छोटा चौराहा तक जाम लग गया। एक घंटे तक जाम रहने से राहगीर व स्थानीय दुकानदार परेशान हुए।
झींझक कस्बा में नहर पुल से छोटा चौराहा तक अक्सर जाम लगता है। स्थानीय स्तर पर इससे निजात को लेकर कोई ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। इस कारण राहगीरों के साथ दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गुरुवार को 11 बजकर 30 मिनट पर नहर पुल से छोटे चौराहा तक सड़क पर दोनों तरफ से एक साथ कई वाहनों के पहुंचने पर जाम लग गया और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 12 बजकर 30 मिनट पर फंसे वाहनों को पीछे करवाकर जाम खुलवाया। इसके बाद वाहन निकल सके। जाम में फंसे कस्बा के आशकरन, छोटे कुशवाहा का कहना है कि त्योहारों को लेकर सड़क किनारे बाजार में लगी अस्थायी दुकानों और सड़क पर खड़ी गाड़ियों ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। दोनों तरफ से वाहनों के फंसने से सड़क पर अक्सर जाम की समस्या रहती है।
नगर पालिका ईओ झींझक वीरेंद्र राव ने बताया पुलिस से बात कर फुटपाथ तक दुकानें लगाने वालों को चिंह्नित कर हटवाया जाएगा। निरीक्षक मंगलपुर महेश कुमार ने बताया कि एक साथ वाहन आ जाने के कारण जाम की स्थिति बनी। वाहनों को हटवाकर जाम खुलवा गया। सड़क किनारे दुकानें लगाने वालों को हिदायत दी गई है।