हमीरपुर के राठ कोतवाली क्षेत्र के सरसई गांव में कटाई के बाद थ्रेसरिंग के लिए खेत मे रखी गेहूं की फसल में मंगलवार की रात अचानक आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।
किसान ने दो लोगों पर रंजिशन फसल जलाने का आरोप लगाया है। सरसई गांव निवासी लालाराममिश्रा पुत्र शिवशंकर ने बताया कि पांच बीघा कृषि भूमि पर गेहूं की फसल की थी। कटाई के बाद मढ़ाई के लिए खेत में ही फसल का ढेर लगा था।
आरोप है कि मंगलवार रात गांव में रहने वाले दो दबंगों ने खेत में रखी फसल को आग के हवाले कर दिया । खेत से निकलतीं आग की लपटें देख किसानों में हड़कंप मच गया । सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
मौके पर पहुंचे कोतवाली के एसआई धनंजय सिंह ने मामले की जांच पड़ताल की । किसान लालाराम मिश्रा ने बताया कि कुछ दिन पहले उक्त दोनों दबंगों ने तमंचे की नोक पर उसके साथ मारपीट की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों को तमंचे सहित गिरफ्तार किया था। बताया कि इसी रंजिश में उसकी फसल जलाई गई है । कोतवाल मनोज शुक्ला ने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेंगे।