साउथ सिटी में नामी स्कूलों के बच्चों को धमकाकर रंगदारी वसूलने के मामले में एक और एफआईआर नौबस्ता थाने में दर्ज की गई है। मामले में जिस मोबाइल नंबर से धमकी देने की बात सामने आई है, वह फुरकान उर्फ लेडी नाम के बदमाश का बताया जा रहा है।
कानपुर के दक्षिण शहर के नामी स्कूलों को अपराधियों ने वसूली का अड्डा बना लिया है। नौबस्ता, हनुमंत विहार, किदवईनगर और जूही थानाक्षेत्र में पड़ने वाले स्कूलों के बच्चों को फुरकान जैसे गुंडे डरा धमकाकर पैसे वसूलने का काम कर रहे हैं। न सिर्फ पैसे लेकर छात्रों की पिटाई करते हैं, बल्कि उनके वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल भी करते हैं।
विज्ञापन
पुलिस के पास अब तक आधा दर्जन मामलों की जानकारी पहुंच चुकी है, जिनमें फुरकान व उसके साथियों ने स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों की मुखबिरी पर छात्रों को पीटा या धमकाया और उसके बाद रुपये भी वसूले। चूंकि ज्यादातर मामलों में बच्चों ने परिजनों से शिकायत ही नहीं की, ऐसे में पुलिस तक मामले नहीं पहुंचे।
किदवईनगर और हनुमंतविहार के स्कूलों के दो छात्रों को पीटकर वसूली का मामला जरूर पुलिस के पास पहुंचा है। अब पुलिस उन छात्रों के परिजनों से संपर्क कर केस दर्ज कराने के लिए जोर दे रही है ताकि फुरकान व उस जैसे अन्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
विज्ञापन
फुरकान का डर दिखाकर साथी छात्र से वसूले थे सात हजार
सूत्रों के अनुसार किदवईनगर स्थित स्कूल के एक छात्र को फुरकान के संपर्क में पहले से आए दूसरे छात्र ने स्कूल के बाथरूम में बंद कर पीटा और फिर सात हजार रुपये वसूले थे। साथ ही धमकाया था कि अगर किसी को बताया तो फुरकार जान से मार देगा। एक अन्य मामले में एक छात्र के अभिभावकों ने स्कूल में शिकायत की लेकिन स्कूल प्रबंधन भी मजबूरी जताते हुए शांत बैठा रहा।
अब बच्चों से वसूली की बात सामने आने के बाद पुलिस ने सभी स्कूलों से संपर्क कर काउंसलिंग कर शिकायत करने और कार्रवाई करने का विश्वास जगाने की तैयारी कर ली है। साथ ही ज्वाइंट टीम बनाकर स्कूलों के आसपास अपनी गुंडई का तंत्र खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है।
किदवईनगर थानाक्षेत्र के एक स्कूल में भी हुई थी मारपीट
सूत्रों के अनुसार फुरकान गैंग पूरे दक्षिण के स्कूलों में बच्चों के बीच डॉन की तरह खुद को पेश करता है। करीब दो महीने पहले किदवईनगर थानाक्षेत्र में पड़ने वाले एक स्कूल के बाहर स्कूली छात्रों और बाहरी युवकों के बीच मारपीट हुई थी। उस मामले में पता चला था कि स्कूली छात्र एकजुट हो गए और बाहर से आए हमलावरों पर ही टूट पड़े थे। इसके बाद उन युवकों ने एक छात्र को स्कूल से कुछ दूरी पर पीटकर अपना दबदबा बनाने का प्रयास किया था।
दो मामले सामने आए हैं, दोनों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी कर गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी।- अभिषेक पांडेय, एसीपी नौबस्ता
अब नवीं के छात्र को धमकाने में एफआईआर
साउथ सिटी में नामी स्कूलों के बच्चों को धमकाकर रंगदारी वसूलने के मामले में एक और एफआईआर नौबस्ता थाने में दर्ज की गई है। मामले में जिस मोबाइल नंबर से धमकी देने की बात सामने आई है, वह फुरकान उर्फ लेडी नाम के बदमाश का बताया जा रहा है। इसी फुरकान के खिलाफ गुरुवार को हनुमंत विहार पुलिस ने 10वीं के एक छात्र से रंगदारी मांगने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की थी। दो केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने फुरकान व उसके साथियों की तलाश तेज कर दी है।
नौबस्ता थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी एक अभिभावक ने 25 नवंबर को नौबस्ता थाने में शिकायत की थी। आरोप है कि किदवईनगर स्थित स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे को एक गुंडे ने फोन पर हत्या की धमकी दी। यह बात छात्र की मां ने सुनकर फुरकान को डांट दिया। परिजनों ने नौबस्ता थाने में उसके खिलाफ शिकायत की। उधर, 10वीं के छात्र को पीटने के बाद वीडियो वायरल करने और रंगदारी वसूलने के मामले में हनुमंत विहार पुलिस के हाथ फुरकान तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। पुलिस को फिलहाल फुरकान अहमद उर्फ लेडी और उसके अहम साथी साहिल मटका की तलाश है।