बांदा के अतर्रा में करीब चार माह पहले मायके से लापता हुई विवाहिता की हत्या कर शव फेंक दिया गया। गले से कमर तक रस्सी बंधी हुई थी। सुबह मिले शव की देर शाम शिनाख्त हुई। देर रात तक परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी थी। पुलिस अधीक्षक गणेश साहा ने भी घटनास्थल का मुआयना किया।
बुधवार को सुबह यहां आजाद नगर में शिवमोहन सिंह के हाते के बाहर तलैया के पास युवती का शव पाया गया। आसपास घसीटने के निशान थे। गले और कमर में रस्सी बंधी हुई थी। इससे प्रतीत हो रहा था कि फंदा कसकर हत्या की गई है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछा लेकिन कोई शिनाख्त नहीं कर सकी। लाल साड़ी और काला पेटीकोट तथा हाथों में मेहंदी और मांग में सिंदूर था। दिनभर की कोशिशों के बाद शाम को परिजनों ने शिनाख्त करते हुए शव कस्बे में ओरन रोड निवासी मीरा सोनकर का बताया।