बांदा जिले में सपा नेता की राइस मिल में 70 वर्षीय वृद्ध चौकीदार की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। पुलिस पत्थर से सिर कूचकर हत्या बता रही है। बुधवार सुबह पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। डॉग स्क्वॉयड भी पहुंचा लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। चर्चा है कि सपा नेता के बंद पड़े आवास में लूट के इरादे से आए बदमाशों ने घटना अंजाम दी है।
घटना बांदा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में बदौसा रोड स्थित सपा के संस्थापक सदस्य नवल किशोर शिवहरे की कई वर्षों से बंद पड़ी राइस मिल की है। लोधू थोक निवासी प्रभुदयाल दुबे पुत्र रामनारायण लगभग 26 सालों से यहां चौकीदार था और 24 घंटे यहां रहता था। मंगलवार की रात अज्ञात बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी।
बुधवार को सुबह मिल परिसर में लगे फूल तोड़ने आए लोगों ने बरामदे में चौकीदार प्रभुदयाल का खून से लथपथ शव देखा तब फोन से दिल्ली में परिवार सहित रह रहे मिल मालिक को घटना के बारे में बताया। मिल मालिक की सूचना पर कुछ देर बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की।
राइस मिल के मुनीम व बछनी पुरवा निवासी गिरधारी लाल ने पुलिस को बताया कि प्रभुदयाल को चौकीदारी के लिए 2100 रुपये मासिक दिए जाते थे। मंगलवार को उसने 1100 रुपये लिए थे। लेकिन कोई कारण नहीं बताया था। पुलिस अधीक्षक डा.एसएस मीणा और सीओ रोहित यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फोरेंसिक टीम ने फोटोग्राफ्स और कुछ नमूने लिए। डॉग स्क्वॉयड भी लाया गया लेकिन हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग सका। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में घटना में पेशेवर बदमाशों का हाथ लग रहा है। उन्होंने सीओ को शीघ्र घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। इंसपेक्टर रविंद्र तिवारी ने बताया कि मृतक के भतीजे शिवकुमार दुबे पुत्र छेदीलाल की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 302 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त कोई वस्तु बरामद नहीं हुई। फौरी जांच में पुलिस में पत्थर से कूचकर हत्या बता रही है।
असलहे लूटने के इरादे से घुसे थे बदमाश
सपा नेता नवल किशोर शिवहरे दिल्ली में परिवार सहित रहते हैं। चर्चा है कि राइस मिल और उनके बंद आवास में लाखों रुपये कीमत का सामान और कई लाइसेंसी असलहे रखे हैं। लूट के इरादे से परिसर में घुसे बदमाशों को पहचान लेने पर चौकीदार की हत्या कर दी गई। इस बाबत पुलिस का कहना है कि हर बिंदु पर जांच की जा रही है। चौकीदार के कमरे का ताला टूटा पड़ा था। उधर, सपा नेता ने फोन पर बताया कि चौकीदार प्रभुदयाल अविवाहित था और परिसर में ही रहता था। बदमाशों को पहचान लेने पर उसकी हत्या कर दी गई।
धार्मिक प्रवृत्ति का था चौकीदार
मृतक प्रभुदयाल दो भाइयों में छोटा और अविवाहित था। उसने पैतृक संपत्ति में कोई हिस्सा नहीं लिया था। धार्मिक प्रवृत्ति का था और हर साल शिवरात्रि पर भव्य भंडारा करता था।