गुजैनी नहर के ओवरफ्लो होने से मंगलवार को नहा रहे दो किशोर डूब गए। इसमें एक किशोर का देर रात तक पता नहीं चल सका है, जबकि दूसरे ने नहर के किनारे झाड़ियों को पकड़कर खुद को सुरक्षित किया। मौके पर गोविंद नगर पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता किशोर को खोजने में लगी हुई है।
इधर, परिजनों का आरोप है कि कंट्रोल रूम में हादसे की सूचना के तीन घंटे बाद पुलिस पहुंची। गुजैनी जे-ब्लाक में रहने वाले ओमप्रकाश शुक्ला शिकोहाबाद में जॉब करते हैं। इनका बड़ा लड़का शिवम (13) और पड़ोस के मोहल्ले के-ब्लाक में रहने वाले रामसिंह यादव को बड़ा बेटा शिवकुमार (14) दोस्त हैं।
रामसिंह दादा नगर प्राइवेट जॉब करते हैं। मंगलवार दोपहर शिवम और शिवकुमार घर पर बिना बताए गुजैनी नहर में नहाने चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों नहाने के दौरान करतब दिखाते हुए बीच धारा में पहुंच गए और डूबने लगे। चीखपुकार सुन वहां मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन दोनों बह गए।
वहीं शिवकुमार ने कुछ दूर पर लगी झाड़ियों के सहारे खुद को सुरक्षित कर लिया। लेकिन शिवम आगे की ओर बह निकला। सूचना पर दोनों किशोरों के परिजन पहुंचे। इधर, शिवम की मां सीमा और चाचा योगेंद्र का आरोप है कि कंट्रोल रूम में सूचना देने के तीन घंटे बाद पुलिस पहुंची।
देर रात तक गोविंद नगर पुलिस और चार गोताखोरों की टीम शिवम की तलाश करती रही, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इधर, शिवम और शिवकुमार के परिजनों ने बताया कि दोनों किशोर तैरना जानते थे। इस मामले में गोविंद नगर एसओ विनोद मिश्रा ने बताया कि गोताखोर लगाकर तलाश की जा रही है। नहर विभाग को सूचना दे कर का बहाव कम करा दिया है।