कन्नौज जिले में जलालपुर पनवारा पुलिस चौकी के पास स्थित आर्यावर्त बैंक की खिड़की तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चोरों ने सीसीटीवी का केबल काट कर तिजोरी तोड़ने की कोशिश की। तिजोरी न टूटने पर चोर भाग निकले। सुबह बैंक में चोरों की घुसपैठ की जानकारी पर डीएम राकेश कुमार मिश्र और एसपी प्रशांत वर्मा पहुंच गए।
फील्ड यूनिट टीम के साथ डॉग स्क्वॉड ने छानबीन की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। सदर कोतवाली इलाके केजलालपुर पनवारा में जीटी रोड किनारे पुलिस चौकी से महज 10 कदम की दूरी पर भाजपा नेता सतेंद्र दुबे के मकान में किराये पर आर्यावर्त बैंक संचालित है।
रविवार रात करीब 12 बजे बैंक के पीछे वाली दीवार में लगी खिड़की चोरों ने तोड़ दी। इसके बाद यह शाखा के अंदर दाखिल हो गए। सीसीटीवी कैमरे का केबल काटकर अलार्म का स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद बैंक में रखी करीब 30 क्विंटल वजन की तिजोरी तोड़ना शुरू कर दिया।
मजबूत तिजोरी के न टूटने पर चोर भाग निकले। सुबह स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी शाखा प्रबंधक चंदन गुप्ता को दी। इसके बाद चंदन गुप्ता और क्षेत्रीय प्रबंधक शुभेंदु कुमार पहुंच गए। सूचना मिलने पर डीएम राकेश कुमार मिश्र, एसपी प्रशांत वर्मा, एएसपी विनोद कुमार, कोतवाल विकास राय और चौकी प्रभारी राहुल शर्मा पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने मुआयना कर छानबीन शुरू की। फील्ड यूनिट के साथ डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी खोजबीन की। शाखा प्रबंधक ने बताया कि चोरी नहीं हुई है। बैंक में रात को सिर्फ नाममात्र की नगदी रहती है।