सिकंदरा थाना क्षेत्र में हाईवे के पास छह बदमाशों ने जयपुर से उड़ीसा जा रहा 1,251 टीन सरसों का तेल लदे ट्रक को अगवा कर लूट लिया। ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर को रसधान मार्ग पर हाथ-पैर बांधकर खेत में फेंक दिया।
बदमाशों ने चालक का मोबाइल फोन और 7,000 रुपये लूट लिये। पुलिस ने सिकंदरा कसबे के मदनपुर गांव के पास खाली ट्रक बरामद किया है। एसपी, एएसपी, डीएसपी भी पहुंचे।
उधर, लूट गए ट्रक के ड्राइवर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी वजीह अहमद ने जल्द ही तेल के टीन बरामद करके वारदात के खुलासे का निर्देश दिया।
बदमाशों के लूट का शिकार बने ड्राइवर भरतपुर (राजस्थान) के अनायगेट-जवाहर निवासी जगदीश सिंह ने बताया कि जयपुर से ट्रक में सरसों के तेल के टीन लादकर उड़ीसा जा रहा था।
इसी बीच टूंडला और फिरोजाबाद के बीच छह मुसाफिर कानपुर देहात के सिकंदरा कसबे के लिए बैठा लिये थे। गत शुक्रवार की रात खोजाफूल गांव के पास मुसाफिरों के कहने पर ट्रक रोका तो उन लोगों ने मारपीट की।
क्लीनर भरतपुर निवासी तन्नू समेत चालक जगदीश को बंधक बनाकर बुधौली-रसधान मार्ग पर खेत में डाल दिया। बदमाशों ने दोनों के हाथ पैर बांध दिए।
कुछ देर रुके तीन बदमाशों ने वहां मारपीट की और मोबाइल फोन व रुपए छीन लिये। चालक ने बताया कि बदमाशों के ट्रक लेकर जाने के बाद किसी तरह बंधन खोलकर रसधान पहुंचे।
पंप कर्मियों के फोन से पुलिस और ट्रक मालिक को सूचना दी गई। ट्रक मालिक खंदारी-आगरा के नईमऊ निवासी शिवपालसिंह ने बताया कि करीब 16,00,000 रुपये का तेल लदा था।
उनका कहना था कि ड्राइवर पुराना है, लेकिन क्लीनर हाल ही में रखा गया। इस संबंध में थाना इंचार्ज जयप्रकाश यादव ने बताया कि ड्राइवर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मदनपुर गांव के सामने एक ढावे के पास खाली ट्रक बरामद कर लिया गया है।