हैलट से लूट करके भाग रहे कार सवार बदमाशों को सीओडी क्रॉसिंग पर ट्रैफिक पुलिस की टीम ने दबोच लिया। वायरलेस पर सूचना फ्लैश होने के बाद टीम ने टाटमिल चौराहे के पास कार को चिह्नित किया।
इसके बाद पीछा कर क्रॉसिंग पर पकड़ा और रुपये बरामद कर लिए। एसपी ट्रैफिक ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम को नगद पुरस्कार दिया है। स्वरूप नगर इंस्पेक्टर कमल यादव ने बताया पकड़े लुटेरों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के खुलासे का भी प्रयास किया जा रहा है।
सिवारा गांव कंपिल फर्रुखाबाद निवासी सूबेदार सिंह किसान हैं। सूबेदार ने बताया बेटी हैलट आईसीयू में एडमिट है।
शुक्रवार दोपहर हैलट इमरजेंसी के बाहर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक आया और कम रुपये में बेहतर इलाज दिलाने की बात कही। इसके बाद हजार रुपये का नोट देते हुए फुटकर मांगा।
सूबेदार ने जेब में रखे 53 हजार रुपये निकाले तो बदमाश ने झपट्टा मारकर रुपये लूट लिए। रिश्तेदार दीपक ने दौड़ाया लेकिन लुटेरा कार में सवार होकर भाग निकला। दीपक ने कार का नंबर नोट कर स्वरूपनगर थाने में सूचना दी। इंस्पेक्टर कमल यादव ने कार का नंबर वायरलेस पर फ्लैश कर दिया।
टाटमिल चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक इंटरसेप्टर टीम ने कार देखकर पीछा किया। सीओडी क्रॉसिंग पर घेराबंदी करके पांच बदमाशों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए बदमाश लखनऊ से कार बुक करके शहर में लूटपाट करने आते हैं। एसपी ट्रैफिक ने टीएसआई रूपेश सिंह सहित टीम को नगद पुरस्कार दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया आरोपी सीतापुर महौली कमलापुर निवासी गंगाराम, शिवप्रसाद, बालेंद्र, विनीत सैनी, गंगाराम हैं।