पुलिस के जरिए करोड़ों की प्रॉपर्टी जब्त कराने की धमकी देकर तीन शातिरों ने एक महिला को ब्लैकमेल कर एक करोड़ दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित महिला की शिकायत पर क्राइम ब्रांच की टीम ने जाल बिछाया और मंगलवार शाम को जब तीनों रकम लेने पहुंचे तो उनको दबोच लिया।
एक आरोपी अधिवक्ता है। जिसने पूरी साजिश रची। पुलिस ने तीनों के खिलाफ बिठूर थाने में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। सभी आरोपी जेल भेजे गए हैं। डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल ने बताया कि कुछ महीने पहले राजा यादव नाम का सटोरिया जेल गया था।
पुलिस के हाथ प्रॉपर्टी के दस्तावेज न लगे इसलिए उसने उनको ठिकाने लगा दिया था। मगर ये दस्तावेज उसके काकादेव निवासी परिचित एडवोकेट रामप्रकाश के हाथ लग गए थे। उसने एक महीने पहले राजा की पत्नी को फोन कर कहा कि उसकी 11 प्रॉपर्टी के दस्तावेज उसके पास हैं।
पता कर लिया है कि ये सभी प्रॉपर्टी अवैध हैं। इसलिए हर एक प्रॉपर्टी के दस लाख यानी कुल एक करोड़ दस लाख रुपये दे दो वरना पुलिस को शिकायत कर प्रॉपर्टी जब्त करवा देंगे। महिला ने क्राइम ब्रांच को सूचना दी। क्राइम ब्रांच की टीम ने महिला के जरिए राम प्रकाश को पैसे देने की बात कहकर मंगलवार शाम काकादेव में बुलवाया। यहां पर क्राइम ब्रांच की टीम पहले से ही मौजूद थी। कुछ ही देर बाद तीन शख्स वहां पहुंचे। जिनको पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस के पास मामले में बेहद अहम इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध हैं।