कानपुर में बेखौफ लुटेरे चार महिलाओं की सोने की चेन तोड़कर फरार हो गये। सभी मामलों में पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वारदात -1: लूट के बाद महिला को धकेला
जरीब चौकी मस्जिद वाली गली निवासी हीरालाल शर्मा प्राइवेट नौकरी करते हैं। हीरालाल ने बताया कि रविवार दोपहर पत्नी राधिका और बेटी बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। फजलगंज थाने से कुछ दूरी पर ही दर्शनपुरवा त्रिपाठी भवन के पास पीछे से आए बाइक सवार लुटेरे ने झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। बाइक सवार बदमाश को दबोचने का प्रयास किया तो उसने राधिका को धकेल दिया। इलाकाई लोग आगे बढ़े तो बाइक पर बैठे बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग गए।
वारदात -2: चेन लूट के दौरान महिला घायल
दर्शन पुरवा त्रिपाठी भवन निवासी रेनू ने बताया कि शनिवार शाम वह एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। करमचंद हॉस्पिटल के सामने पीछे से आए पल्सर सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर चेन लूट ली। वारदात के दौरान रेनू की गर्दन में गहरा घाव हो गया है। उन्होंने बताया कि इलाकाई लोगों ने बदमाशों को दौड़ाया तो वह बाइक से फजलगंज की ओर भाग गए। फजलगंज एसओ शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
वारदात -3: चेन लूटने के बाद तमंचा लहराया
चकेरी राजीव नगर शिवकटरा निवासी व्यापारी राजेश अग्रहरी ने बताया कि दो दिन पहले आजमगढ़ निवासी सास दुर्गावती देवी अपना इलाज कराने को घर आई हैं। रविवार शाम सास और पत्नी साधना लाल बंगला बाजार जा रही थीं। इसी दौरान शिव कटरा रोड पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने छपट्टा मारकर दुर्गावती की चेन लूट ली। यहां भी बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। चकेरी इंस्पेक्टर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
वारदात -4: छठ पूजा में चेन लूट
गंगा गंज पनकी निवासी कमलेश कुमारी रविवार पनकी नहर पर छठ पूजा कार्यक्रम देखने गईं थीं। इसी दौरान नहर पुल के पास पीछे से आये दो लोगों ने धक्का मारकर उनके गले में पड़ी चेन तोड़ ली और भीड़ में गायब हो गए। महिला के चीखने चिल्लाने पर लोगों ने आसपास देखा लेकिन लुटेरे भाग चुके थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।