नौबस्ता थाने के अंतर्गत यशोदा नगर और मछरिया क्षेत्र में पांच चोरों ने सोमवार रात सात दुकानों के ताले तोड़कर लाखों का माल समेट लिया।
शोर सुन लोगों की नींद टूटी और उन्होंने सलमान खान नाम के युवक को दबोच लिया। हालांकि बाकी चोर सामान लेकर फरार होने में कामयाब हो गए।
मंगलवार सुबह रिपोर्ट नहीं लिखने जाने पर व्यापारियों ने नौबस्ता थाने में हंगामा किया। सीओ गोविंद नगर सर्किल के आश्वासन पर रिपोर्ट दर्ज हुई। इसके बाद ही व्यापारी शांत हुए।
पुलिस पूछताछ में सलमान ने बताया कि वह फतेहपुर का रहने वाला है। उसके साथी अमित, बउआ, जैद और रिषु बगाही बाबूपुरवा में रहते हैं। सभी घंटाघर के एक गिरोह से जुड़े हैं।
योजना बनाने के बाद दिन में सभी अपनी बाइकों से अलग-अलग इलाके में रेकी करते हैं। इसके बाद चोरी को अंजाम देते हैं। यशोदा नगर में चोरों ने राजकुमार चौरसिया की घर के पास स्थित बेकरी और मेडिकल स्टोर शॉप से 27 हजार रुपये, लैपटॉप सहित लाखों का माल पार कर दिया।
इसके बाद पड़ोस की सौरभ गुप्ता की पेंट शॉप से 10 हजार रुपये सहित अन्य सामान, अवनीश दुबे की शॉप से ढाई हजार सहित 10 हजार का माल, गुलजार अहमद के जनरल स्टोर किराने की दोनों दुकान से 40 हजार कैश और दुकान में रखा माल, रामेश्वर यादव के जनरल स्टोर से लगभग 12 हजार रुपये, शिवम दुबे के फोटो स्टूडियो से 15 सौ रुपये, हाजी शहजादे की जनरल स्टोर से 10 हजार रुपये, 40 हजार का माल समेट ले गए।
गुलजार की दुकान के आगे चोर सामान बांटते रहे थे। इसी दौरान शोर होने पर अब्दुल रहमान जाग गए और उनकी आवाज पर मोहल्ले वालों दौड़ाकर एक युवक को दबोच लिया।
सुबह व्यापारी आरोपी युवक को लेकर नौबस्ता थाना पहुंचे तो एसओ राजेश पाठक ने उन्हें टरका दिया। इस पर गुस्साए व्यापारियों ने खूब हंगामा किया।
सूचना पर पहुंचे सीओ गोविंद नगर ने स्थिति संभाली और रिपोर्ट दर्ज कराई।