कानपुर के आवास विकास नौबस्ता हंसपुरम में बुधवार को दिनदहाड़े राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के रिटायर्ड इंजीनियर राम गोपाल वर्मा के बंद घर से चोर दस लाख की नकदी और करीब 60 लाख रुपये के जेवरात समेट ले गए। शाम को जब राम गोपाल घर लौटे तो जानकारी हुई। पुलिस खानापूर्ति कर लौट गई, फोरेंसिक टीम को भी नहीं बुलाया।
मूलरूप से महाराजपुर महोली निवासी राम गोपाल वर्मा पत्नी बृजरानी संग आवास विकास, हंसपुरम में रहते हैं। वे शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी कार्यालय के जूनियर इंजीनियर के पद से रिटायर्ड हैं।बुधवार सुबह करीब सात बजे वह पत्नी के साथ अपने पैतृक गांव गए थे।
शाम छह बजे जब वह लौटे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा पड़ा है। भीतर हर कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां व लॉकर खुले थे। चोर 10 लाख रुपये नकद और 50 लाख रुपये कीमत के जेवरात पार कर ले गए थे। तुरंत पुलिस को सूचना दी।
आरोप है कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी जांच के नाम पर औपचारिकता करके चले गए। डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी नहीं बुलाया। बाद में वह तहरीर लेकर हंसपुरम चौकी पर पहुंचे।