कल्याणपुर में शनिवार शाम बिजली गुल होने का फायदा उठाकर दो बाइक सवार बदमाशों ने निजी कंपनी के टेक्नीशियन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई और भाग निकले।
एक गोली सिर के आर-पार हो गई। हॉस्पिटल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के आला अधिकारियों संग पहुंची फोरेंसिक टीम को मौके से 315 बोर की एक बुलेट मिली है जिस पर खून नहीं लगा है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है। खास बात कि टेक्नीशियन का शनिवार को ही जन्मदिन था।
झींझक (टप्पेवाल) निवासी किसान पवन शुक्ला का बेटा रोहित शुक्ला (22) परिवार के साथ कल्याणपुर आवास विकास-एक एल सेक्टर में रहता था।
रोहित लखनऊ के ठाकुरगंज रतन स्क्वायर स्थित व्योम नेटवर्क में टेक्नीशियन था और शुक्रवार रात 11 बजे घर लौटा था। शनिवार शाम करीब छह बजे रोहित के मोबाइल पर फोन आया।
बिजली गुल होने के चलते वह बात करते करते घर से बाहर निकल आया। अभी वह चंद कदम दूर ही पहुंचा था कि एक बाइक पर सवार दो युवक रोहित के नजदीक पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
सिर पर गोली लगते ही रोहित वहीं गिर गया और बदमाश बाइक से भाग निकले। मुहल्ले और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और रोहित को नजदीक के लाइफ ट्रान हॉस्पिटल लाए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसओ कल्याणपुर विनोद मिश्र का कहना है कि परिवार और करीबी लोग रोहित की हत्या की वजह और हत्यारों के बारे में कुछ नहीं बता सके हैं।
वहीं एक महिला ने बताया है कि उसने दो लोगों को बाइक पर भागते देखा था। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।