रेलबाजार के सुजातगंज में मंगलवार सुबह ट्रक ने बाइक सवार सिपाही कुचल डाला। इससे सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई। सिपाही बिधनू थाने के कुरिया चौकी में तैनात था। चौकी जाते समय ही हादसा हुआ। सूचना पर पत्नी और मैनपुरी से परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। शाम को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ आनर के बाद सिपाही को अंतिम विदाई दी गई।
सिपाही बंटी सिंह पत्नी सुनीता व दो बेटियों अनुष्का (3) और रिद्धी (1) के साथ ट्रैफिक लाइन स्थित सरकारी आवास में रहता था। सुबह करीब दस बजे घर से चौकी के लिए निकला था। तभी सुजातगंज में सामने से आ रहे ट्रक ने सिपाही की बाइक में टक्कर मार दी। इससे बंटी ट्रक के अगले पहिये के नीचे आ गया।
हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। रेलबाजार पुलिस ने गेहूं लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया और परिजनों को सूचना दी। सिपाही की पत्नी सुनीता दोनो बेटियों को लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं। पति का शव देखते ही अचेत हो गईं। एसपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी भी मौके पर पहुंचे और सिपाही के परिवारीजनों को सांत्वना दी। शाम को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ आनर के साथ सिपाही को अंतिम विदाई दी गई।