बर्रा पुलिस के हाथों शुक्रवार देर रात फर्जी वाणिज्य कर अफसर बन कर ट्रक चालकों को लूटने वाला गिरोह फिसल गया। भोगनीपुर में ट्रक चालक को लूट कर भागने की सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू की थी।
बर्रा के गुजैनी फ्लाईओवर पर पुलिस की चेकिंग होते देख चार बदमाश नीली बत्ती और सपा का झंडा लगी लक्जरी कार छोड़ कर भाग निकले। बदमाश कार में फर्जी नंबर डालकर वारदात को अंजाम देर रहे थे। चेचिस नंबर के आधार पर पता चला कि कार गोंडा निवासी जफर के नाम पर है।
जफर से संपर्क कर पुलिस बदमाशों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात बारह बजे के करीब भोगनीपुर में फर्जी वाणिज्य कर अफसर बने बदमाशों ने एक ट्रक चालक से बीस हजार रुपये लूटे थे। ट्रक चालक की सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर सफेद रंग की लक्जरी कार की तलाश शुरू कर दी।
बर्रा के कार्यवाहक थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने भी गुजैनी के आईटीबीपी के सामने वाहनों की चेकिंग शुरू की। तभी फ्लाईओवर से सफेद रंग की लक्जरी कार आती देख पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश भाग निकले। कुछ दूर जाने के बाद बदमाश सड़क किनारे कार खड़ी कर फ्लाईओवर से कूद कर भाग निकले।
कार सवार चार बदमाशों में से दो पुलिस की वर्दी में थे। सीओ गोविंद नगर ओपी सिंह ने बताया कि फौरी जांच में सामने आया है कि बदमाश फर्जी वाणिज्य कर अफसर बनकर ट्रक चालकों से लूट करते थे।
बरामद लक्जरी कार भी संभवत: कहीं से लूटी गई है। चेचिस नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगा लिया गया है। टीम गठितकर बदमाशों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।