नकल पर सख्ती से नाराज बीए एलएलबी ऑनर्स और एलएलबी के स्टूडेंटों ने बुधवार को करीब दो घंटे तक वीएसएसडी पीजी कॉलेज में जमकर हंगामा किया। परीक्षा का बहिष्कार करके शिक्षकों से अभद्रता और गालीगलौज भी की।
कॉलेज के बाहर देख लेने और कोर्ट से मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। नाराज शिक्षकों ने परीक्षा कराने से इनकार दिया। इससे हड़कंप मच गया।
एलएलबी की सेमेस्टर परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू हुई। पेपर, कॉपी बंटा ही था कि एक स्टूडेंट से शिक्षक का विवाद हो गया। टीचर ने नकल सामग्री बाहर करने की हिदायत दी तो कहासुनी हो गई। यह देख तमाम स्टूृडेंट एकत्रित हो गए। सबने शिक्षक पर दबाव बनाया और कहा कि कक्षा से बाहर जाएं लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इसके बाद स्टूडेंटों ने परीक्षा का बहिष्कार कर दिया। एकत्रित होकर कॉलेज कैंपस में धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी की। स्टूडेंटों का आरोप था कि नकल के बहाने उन्हें परेशान किया जा रहा है।
स्टूडेंटों ने कक्ष निरीक्षण में लगे शिक्षकों से गालीगलौज भी की। इसकी सूचना यूनिवर्सिटी, जिला और पुलिस प्रशासन को दी गई। परीक्षा नियंत्रक राज बहादुर यादव और डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. टीबी सिंह भी मौके पर पहुंचे।
एसीएम-6 सहित तमाम पुलिस कर्मी भी आ गए। इसके बावजूद हंगामा चलता रहा। बाद में स्टूडेंटों और शिक्षकों से मान मनौव्वल की गई, तब जाकर शाम 4:25 बजे से परीक्षा शुरू हो सकी। इस दौरान तमाम नकलची पकड़े गए।
प्रिंसिपल डॉ. एएस भटनागर का कहना है कि स्टूडेंटों ने अभद्रता की हदें पार कर दीं। इसकी सूचना यूनिवर्सिटी प्रशासन को दे दी है।
आज से परीक्षा नहीं कराएंगे शिक्षक
वीएसएसडी पीजी कॉलेज की स्थानीय शिक्षक इकाई की आपात मीटिंग में अध्यक्ष डॉ. अशोक तिवारी और महामंत्री डॉ. आलोक मालवीय ने कहा कि लॉ स्टूडेंटों की परीक्षा गुरुवार से नहीं कराई जाएगी। स्वाभिमान से समझौता स्वीकार नहीं है। शिक्षकों को किसी तरह की सुरक्षा नहीं मिली है। शिक्षक संघ ने कहा कि दूसरे कॉलेज का केंद्र बनाकर अफरा-तफरी फैलाई गई है।
पर्यवेक्षक से अभद्रता में फंसे अध्यक्ष
गया प्रसाद द्विवेदी लॉ कॉलेज में छापेमारी करने पहुंचे पर्यवेक्षक डॉ. आरपी सिंह से अभद्रता में कानपुर यूनिवर्सिटी कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष गुरजेश द्विवेदी और द्वारिका यादव फंस गए हैं। इन्हें रजिस्ट्रार सैय्यद वकार हुूसैन ने कारण बताओ नोटिस दिया है। तीन दिन में जवाब न देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लॉ कॉलेज को परिषद के अध्यक्ष के सगे संबंधी का बताया जाता है। इसी वजह से छापेमारी का विरोध किया। इसका रिकार्डेड आडियो भी कुलपति को दिया गया है।