कन्नौज के छिबरामऊ में एक वारंटी को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग और पथराव किया गया। किसी तरह पुलिसकर्मी अपनी जान बचाकर वहां से उल्टे पांव लौटे। घटना में तीन पुलिसकर्मी गोली लगने से घायल हो गए हैं। वहीं पथराव मेें कई लोगों के सिर भी फूटे हैं। भीड़ को काबू में करने के लिए गांव में भारी पुलिस फोर्स के साथ पीएसी तैनात करनी पड़ी। जनपद की स्वाट टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
सूचना मिलने पर कन्नौज सदर के सीओ समेत,एसपी, एडीएसपी मौके पर जायजा लेने पहुंचे। बताया जा रहा है कि अभी तक पुलिस की टीम 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गुरुवार देर रात पुलिस ने सौरिक थानाक्षेत्र के कबीरपुर गांव में वारंटी रिफागत अली कोटेदार को पकड़ने के लिए दबिश दी थी। रिफागत पर ग्राम प्रधान शमसून के घर में घुसकर फायरिंग व मारपीट करने का आरोप है।
जिस समय पुलिस आरोपी को पकड़ने पहुंची उसने घर में बदमाश घुसने का झूठा शोर मचा दिया। इस पर गांव वाले जमा हो गए। गुस्साई भीड़ ने पुलिस को घेरकर पथराव करना शुरू कर दिया। मौका पाकर रिफागत ने अपने देशी तमंचे से पुलिस पर फायरिंग भी कर दी। इंसपेक्टर शिवपाल वर्मा को पैर मेें गोली लगी है जबिक दो होमगार्ड छर्रे लगने से घायल हैं।
इनके अलावा दरोगा महेंद्र सिंह समेत पुलिस टीम के कई साथी पथराव से बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। घटना के बाद भीड़ को काबू करने के लिए भारी पुलिस फोर्स बुलाई गई। गांव वालों का कहना है कि उन्होंने पुलिस को बदमाश समझ कर पथराव किया था, जबकि कह रही है कि गांववालों ने वारंटी के बचाव में पथराव किया। फिलहाल फोर्स की मोर्चाबंदी अभी भी जारी है।