कानपुर के पॉश इलाके माल रोड पर पुलिस पिकेट से 50 मीटर दूर शुक्रवार देर रात लग्जरी कार से आए बदमाशों ने शटर के कुंडे काटकर टाइटन के शोरूम से 30 लाख रुपये की घड़ियां और नगदी पार कर दीं। चोरी के लिए बदमाश दो बार आए और गए, शटर खोला और बंद किया, लगभग सवा घंटे तक शोरूम के आस-पास ही मौजूद रहे। शोरूम से 50 मीटर दूर खेरेपति मंदिर और फूलबाग चौराहे पर पुलिस पिकेट रहती है, जो रात में गायब थी। 100 डायल कीगाड़ी का भी प्वाइंट है लेकिन वो भी गायब थी। पास में दो एटीएम बूथ भी हैं। खुद का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के शक में बदमाश शोरूम का कंप्यूटर और अन्य सिस्टम भी उठा ले गए। बदमाशों के चेहरे शोरूम के बाहर और भीतर लगे सीसीसीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
बिरहाना रोड स्थित नीलवाली गली निवासी अनूप कनौडिया टाइटन घड़ी के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। माल रोड पर खेरेपति मंदिर के पास गीतांजलि गेस्ट हाउस के बाहरी हिस्से में उनका टाइटन घड़ियों का शोरूम है। अनूप ने बताया कि शोरूम में तीन महिला कर्मचारी काम करती हैं। शुक्रवार रात नौ बजे उन्होंने शोरूम बंद किया था। शनिवार सुबह जब कर्मचारी शोरूम खोलने पहुंची, तब उन्हें घटना का पता चला। अनूप ने बताया कि शोरूम में अगल-बगल दो शटर लगे हैं। लग्जरी कार से आए बदमाशों ने कटर से एक शटर में लगे दो ताले काटे। इसके बाद बदमाश शोरूम के भीतर गए। दोनों ने अपने-अपने चेहरे को रुमाल से ढंक लिया। इसके बाद पेचकस जैसे औजार से काउंटर के लॉक तोड़कर या खोलकर झोले में घड़ियां भरकर ले गए। वारदात के दौरान बदमाशों को शोरूम के बाहर और भीतर लगा सीसीटीवी कैमरा नजर आया।
इस पर बदमाशों को लगा कि उनके चेहरे कैमरे में कैद हो गए हैं। यही सोचकर उन्होंने शोरूम के भीतर रखा कंप्यूटर भी पार कर दिया। जबकि कंप्यूटर में बिक्री का लेखाजोखा था। अनूप की सूचना पर सीओ कोतवाली, फीलखाना इंस्पेक्टर फोर्स व फोरेंसिक टीम के साथ मौकेपर पहुंचे और छानबीन की। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य भी जुटाए हैं। इंस्पेक्टर अनिलमणि त्रिपाठी ने बताया कि शोरूम मालिक अनूप चोरी गई घड़ियों और नगदी का ब्योरा नहीं दे सके हैं। उनका कहना है कि स्टॉक के मिलान के बाद ही ब्योरा दिया जा सकेगा। अनूप की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन
पुलिस गश्त की खुल गई पोल
टाइटन शोरूम से घड़ियां चोरी
टाइटन शोरूम में हुई लाखों की चोरी से पुलिस की गश्त की पोल खुल गई है। बदमाश सवा घंटे तक शोरूम के आसपास टहलते रहे। इस दौरान वहां पुलिस की गश्त या पिकेट नजर नहीं आई। यूपी-100 की गाड़ी भी इस दौरान नहीं थी जबकि आस-पास दो पिकेट प्वाइंट और डायल-100 की एक गाड़ी की तैनाती रहती है। एसएसपी सोनिया सिंह ने फीलखाना इंस्पेक्टर अनिलमणि त्रिपाठी को फटकार लगाई। कहा कि 24 घंटे में वारदात का खुलासा करो, नहीं तो पुलिस लाइन में अपनी आमद करा लेना। एसएसपी की नाराजगी के बाद फीलखाना पुलिस, क्राइम ब्रांच व सर्विलांस टीम बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पुलिस अफसरों ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे।
टाइमलाइन
टाइटन शोरूम से घड़ियां चोरी
रात 12.17 बजे- लग्जरी कार से दो बदमाश आए
12.19 बजे- एक बदमाश ने शटर के ताले काटे
12.21बजे- दोनों कार में बैठकर आगे चले गए
12.24 बजे- दोनों कार से दोबारा आए
12.25 बजे- शोरूम का शटर उठा दिया
12.29 बजे- बदमाश शोरूम के भीतर दाखिल हो गए
12.30 बजे- झोलों में घड़ियां और नगदी भरनी शुरू कर दी
12.52 बजे- दोनों बदमाश शोरूम से बाहर निकले
12.53 बजे- कार में बैठकर चले गए
1.23 बजे- दोनों कार से फिर आए
1.27 बजे- शोरूम का शटर उठाकर फिर अंदर चले गए
1.30 बजे- शोरूम का कंप्यूटर उठा लिया
1.34 बजे- शटर गिराकर कार से दोनों भाग निकले
निगरानी कर रहा था स्कूटर सवार
टाइटन शोरूम से घड़ियां चोरी
वारदात के वक्त बदमाशों ने शोरूम का आधा शटर खोल रखा था, जिससे लोगों को शक न हो। इस दौरान स्कूटर पर सवार एक शख्स निगरानी कर रहा था। वह शोरूम के आसपास टहल रहा था। वहां एक आइसक्रीम वाला भी खड़ा था। बदमाशों के भागने के बाद स्कूटर वाला वहां आइसक्रीम वाले से बात करता नजर आया है। इसके बाद स्कूटर सवार और आइसक्रीम वाला वहां से चले गए।
लग्जरी कार से आए दोनों बदमाशों ने कीमती कपड़े और जूते पहन रखे थे। बदमाशों को सीसीटीवी कैमरे के बारे में खासी जानकारी थी, इसलिए वे लोग कंप्यूटर और सिस्टम भी ले गए। बदमाशों का शक था कि कैमरे की डीवीआर कंप्यूटर में सेट हैं। जबकि कैमरे का सिस्टम और डीवीआर भीतर एक कमरे में रखा था। बदमाश आठ सौ से 26 हजार रुपये कीमत की घड़ियां ले गए हैं। सस्ती और मरम्मत को आई घड़ियों को हाथ नहीं लगाया है।