लखनऊ एसटीएफ की टीम ने मंगलवार तड़के संडीला रेलवे स्टेशन के निकट मध्यप्रदेश से आजमगढ़ के शातिरों को असलहा सप्लाई करने आए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से 23 पिस्टल और 23 मैगजीन बरामद हुई हैं। गिरफ्तार लोगों को जेल भेज दिया गया है। इनका एक साथी फरार है।
एसटीएफ के एसआई ने छह लोगों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट का मामला संडीला कोतवाली में दर्ज कराया है। सोमवार रात एसटीएफ लखनऊ टीम को जानकारी मिली कि आजमगढ़ के शातिर अवैध शस्त्रों की सप्लाई लेने के लिए मध्यप्रदेश के सप्लायरों से संडीला रेलवे स्टेशन के निकट मिलेंगे।
इस पर एसटीएफ के एसआई मनोज कुमार पांडेय ने आजमगढ़ से ही संदिग्धों की निगरानी शुरू करा दी। मंगलवार तड़के संडीला रेलवे स्टेशन के निकट साढ़े तीन बजे पुलिस टीम को छह संदिग्ध युवक नजर आए तो घेराबंदी की गई। इस दौरान एक युवक फरार हो गया।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि आकाश डाबर पुत्र दशरथ निवासी जनपद बड़वानी मध्यप्रदेश, सौरभ यादव पुत्र गुलाब यादव निवासी जनपद आजमगढ़, केहर सिंह यादव पुत्र हरीराम निवासी निजामाबाद जनपद आजमगढ़, सद्दाम हुसैन पुत्र मोहम्मद आजम निवासी जमीलपुर, आजमगढ़ और गौरव मिश्रा पुत्र अखिलेश मिश्रा निवासी बड़ागांव आजमगढ़ को गिरफ्तार किया गया है।
सौरभ यादव असलहों की सप्लाई करने वाले गैंग का मुखिया है। जबकि मध्यप्रदेश से सप्लाई लाने वाले गैंग का सरगना करतार सिंह फरार हो गया। एसपी ने बताया कि ये पता किया जा रहा है कि असलहे किस वारदात को अंजाम देने के लिए मंगाए गए थे।