बैंक के बाहर लोगों से पूछताछ करते पुलिस अधिकारी
गेट से तिजोरी तक लगे आठ सीसीटीवी कैमरों और सशस्त्र सुरक्षा गार्डों से लैस स्टेट बैंक में दिनदहाड़े काउंटर की दराज से छह लाख रुपये चोरी हो गए। सीसीटीवी कैमरों में किशोर उम्र बालक चोरी करता देखा गया है। बैंक में हड़कंप मच गई। देर तक बैंक अधिकारियों ने पुलिस को सूचना नहीं दी। मीडिया की खबर पर डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी और एसपी शालिनी ने मौके पर निरीक्षण किया। बैंक प्रबंधक और कैशियर से पूछताछ की। प्रथम दृष्टया बैंक कर्मियों की लापरवाही भी सामने आ रही है। मामला यूपी के बांदा जिले का है।
सोमवार को कचहरी परिसर में स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था। काफी संख्या में खातेधारक और ग्राहक थे। बैंक कर्मी भी कार्यरत थे। शाम करीब चार बजे काउंटर नंबर-7 के अंदर बैठे कैशियर राम प्रकाश सोनी उठ कर कहीं चले गए। उनकी दराज में कैश रखा था। न दराज बंद किया न दरवाजा। कुछ देर बाद लौट कर आए तो दराज से दो-दो हजार की तीन गड्डियां (छह लाख) गायब मिले। कैशियर ने इसकी सूचना बैंक प्रबंधक सुरेश कुमार पांडेय को दी। साथ ही बैंक के दरवाजे बंद कर छानबीन की। मगर कुछ पता नहीं चला। खास बात यह है कि बैंक प्रबंधक और कर्मी खुद ही छानबीन में जुटे रहे। अपने उच्चाधिकारियों को सूचना देते रहे। पुलिस को कोई खबर नहीं दी।
इस बीच भनक पाकर मीडिया मौके पर पहुंच गई। किसी मीडिया कर्मी ने डीआईजी और एसपी को खबर दे दी। तत्काल यह दोनों पुलिस अधिकारी मौके पर आ गए। सीओ शोहराब आलम, कोतवाली प्रभारी डीपी तिवारी और चौकियों के प्रभारी व पुलिस आ गई। डीआईजी और एसपी ने कैशियर और प्रबंधक से पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे। इसमें पता चला कि 14-15 वर्ष का लड़का बेरोकटोक काउंटर के अंदर दाखिल हुआ और दराज से छह लाख रुपये लेकर फरार हो गया। बैंक कर्मी और बैंक प्रबंधक लगातार लीपापोती और मीडिया से छिपाने की कोशिशों में जुटे रहे। प्रबंधक ने स्वीकारा कि गलती हुई है।
उधर, डीआईजी ने देर शाम बताया कि बैंक कर्मियों की लापरवाही साफ नजर आ रही है। कैशियर ने न तो दराज लाक की न चेंबर का दरवाजा लाक किया। दोनों खुला छोड़कर चले गए। अगल-बगल के काउंटर में बैंक कर्मी मौजूद थे। उन्होंने भी कोई तवज्जो नहीं दी। डीआईजी ने इस बात पर भी असंतोष जताया कि घटना की सूचना बैंक ने तत्काल पुलिस को नहीं दी। लगभग डेढ़ घंटा बाद मीडिया से जानकारी मिली। डीआईजी ने कहा कि विवेचना कराई जा रही है। आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा। लापरवाही पर बैंक कर्मी पर भी कार्रवाई होगी।