हरदोई शाहाबाद कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच ने नशे के सात सौदागरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन किलो आठ सौ ग्राम अफीम बरामद हुई है। बरामद हुई अफीम की कीमत अंर्तराष्ट्रीय बाजार में 80 लाख रुपये बताई गई है। नशे के सौदागरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने दस हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
जनपद में नशे का अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है। इसकी सूचना भी पुलिस को लगातार मिल रही थी।
एसपी विपिन कुमार मिश्र ने इस कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अपने मातहतों को निर्देश दिए थे। शाहाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर उत्तम और क्राइम ब्रांच के प्रभारी अरुणेश कुमार गुप्ता ने सीओ शाहाबाद एसएन सिंह के नेतृत्व में शाहाबाद रेलवे स्टेशन के निकट से सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से कुल तीन किलो आठ सौ ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि लखीमपुर खीरी के कस्बा मोहम्मदी के बाजार खुर्द निवासी अजीत कुमार उर्फ दीपू गुप्ता पुत्र त्रिमोहनलाल, हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़िया निवासी रोहित सिंह पुत्र रामनरेश, थाना मैगलगंज के ग्राम वीरमपुर निवासी सतीश पुत्र लल्लू सिंह, निजामपुर निवासी रणधीर सिंह पुत्र बलकार सिंह के अलावा हरदोई जनपद के ग्राम मझिया निवासी रामप्रकाश सिंह पुत्र हरपाल सिंह, मझिया बावलीपुरवा निवासी अनुज कुमार पुत्र कृष्ण कुमार और कोतवाली देहात के अब्दुल पुरवा निवासी अलीम पुत्र नसीम को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी हरदोई, लखीमपुर खीरी और आस-पास के जनपदों में अफीम बेचते हैं। शाहाबाद कोतवाली में सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस में रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। खुलासा करने वाली टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा एसपी ने की है। प्रेस वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी निधि सोनकर भी मौजूद रहीं।
परचून की दुकान की आड़ में चलाता था नशे का कारोबार
गिरफ्तार किए गए नशे के सौदागरों के बारे में जानकारी देते एसपी विपिन कुमार मिश्र
एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से अजीत कुमार उर्फ दीपू गुप्ता इस गिरोह का सरगना है। अजीत कुमार बड़े पैमाने पर अफीम खरीदकर अपने पास रखता था। अजीत कुमार का अपना नेटवर्क था और इसी नेटवर्क के सहारे वह नशे का कारोबार कर रहा था। उसने छोटे-छोटे कस्बे और गांवों के लिए डिलीवरी एजेंट रखे हुए थे। एसपी ने बताया कि अजीत कुमार के साथ जो छह लोग गिरफ्तार किए गए हैं वह सभी उसके डिलीवरी एजेंट हैं। आगे चलकर इन लोगों से और पूछताछ की जा जाएगी, जिससे अहम सुराग हाथ लगेंगे।
शहर के स्मैक और जुएं के अड्डों पर भी कीजिए कार्रवाई
बरामद की गई अफीम
नशे के सौदागरों को गिरफ्तार कर 80 लाख रुपये कीमत की अफीम बरामद कर पुलिस ने बेशक बेहतरीन काम किया है। बेहिसाब राजनीतिक दबावों और प्रलोभनों को भी उक्त प्रकरण में पुलिस के जिम्मेदारों ने नजर अंदाज कर दिया। कुछ ऐसी ही कार्रवाई की जरुरत शहर में भी है। शहर में कई जगहों पर स्मैक की बिक्री का कारोबार हो रहा है, तो जुएं के अड्डे भी चल रहे हैं। बावजूद इसके अब तक शहर में स्मैक के कारोबारियों पर कार्रवाई नहीं हो पाई। और तो और पिछले कुछ समय से सट्टे का कारोबार भी शहर में तेजी से शुरू हुआ है।