आत्महत्या करने वाली छात्रा के पिता को पुलिस कार्यालय परिसर में समझाते अतर्रा थाना इंस्पेक्टर दुर्गविजय सिंह।
यूपी के बांदा में शोहदों से तंग आकर आत्महत्या करने वाली स्नातक छात्रा के परिजनों ने शव लेकर पुलिस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में लापरवाही कर रही है। यह भी कहा कि पूर्व में शोहदों की शिकायत लेकर आने पर पुलिस अधिकारी ने उन्हें डांट कर भगा दिया था। तभी कार्रवाई हो जाती तो शायद छात्रा की जान न जाती। आत्महत्या के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों में एक नामजद और चार अज्ञात हैं।
गुरुवार की शाम बिसंडा थाना क्षेत्र के बल्लान गांव के मजरा त्रिवेदी का पुरवा में 21 वर्षीय स्नातक छात्रा गरिमा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। शुक्रवार को सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर पुलिस कार्यालय आ गए और विरोध-प्रदर्शन किया। पिता संतोष कुमार त्रिवेदी व भाई ब्रजेश कुमार के साथ अन्य परिजन भी थे। उन्होंने बताया कि शोहदे 15 दिन से गरिमा को फोन व मैसेज से परेशान कर रहे थे। महिला हेल्प लाइन 1090 व यूपी-100 पर शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
UP: Girl commits suicide after being allegedly harassed and stalked by a man in Banda. Police begin investigation pic.twitter.com/kb7oJz6Cve
— ANI UP (@ANINewsUP) December 15, 2017
शोहदे ने फोन पर गरिमा को धमकी दी थी
थाने के बाहर मृतक लड़की के परिजन
भाई के मुताबिक घटना वाले दिन भी शोहदे ने फोन पर गरिमा को धमकी दी थी। उत्तेजित परिजनों को अतर्रा थाना इंस्पेक्टर दुर्गविजय सिंह ने समझा-बुझाकर शांत किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। उधर, एसपी शालिनी ने बताया कि घटना के दो दिन पहले पिता की शिकायत पर शोहदे का फोन नंबर सर्विलांस में लगाने की कार्रवाई की गई थी। उधर, छात्रा की मौत और परिजनों के हंगामे के बाद बिसंडा थाना पुलिस ने आनन-फानन रिपोर्ट दर्ज कर ली। सिकलोढ़ी गांव के अनिल मिश्रा समेत चार अज्ञात पर धारा 306 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज हुई है।