मंदिर पर स्वामित्व के लिए छिड़ी जंग में साधुओं की एक टोली ने मंगलवार की रात पुजारी की चाकू और त्रिशूल से गोदकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंच गए। हत्या को अंजाम देकर साधु फरार हो गए। मामला यूपी के कन्नौज जिले का है।
कन्नौज ठठिया थाने के घनेपुर्वा गांव में स्थित प्राचीन मंदिर के स्वामित्व के लिए कई दिनों से साधुओं के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार देर रात साधुओं ने 55 वर्षीय महंत फक्कड़ गिरी को चाकू और त्रिशूल से गोद डाला। महंत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर पहुंच गए। एसपी ने घटना की जानकारी लेने के बाद आसपास के थोनों को एलर्ट करवा दिया।
भागे साधुओं की तलाश की गई, हालांकि देर रात तक कुछ पता नहीं चल सका। इधर, पुलिस ने पुजारी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ने बताया कि मंदिर पर कब्जे के विवाद में हत्या को अंजाम दिया गया है। पुजारी की चाकू और त्रिशूल से हत्या कर साधुओं का गुट भाग निकला है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।