सचेंडी में बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा अड़ाकर सास-बहू केे लाखों के जेवर लूट लिए। फिर बाइक की चाबी छीनकर भाग निकले। लूट की सूचना पर सचेंडी और बिधनू थाने का फोर्स पहुंचा।
पीड़ित की तहरीर पर सचेंडी पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सचेंडी एसओ जयवीर यादव ने बताया कि हुलिया के आधार पर लुटेरों की तलाश की जा रही है। गजनेर के गंगरौली निवासी रामबाबू कुरील किसान हैं। रामबाबू ने बताया कि बेटे आशीष की चिल्ली गांव घाटमपुर में ससुराल है।
रामबाबू ने बताया कि बेटे अशीष के ममिया ससुर की तबियत खराब होने के चलते शनिवार को पत्नी कांती देवी और बहू रेखा को बाइक से लेकर बेटे की ससुराल गए थे। रात को वहां से लौटते वक्त सीढी इटारा झाल (नहर पटरी) के पास पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने ओवरटेक करते हुए बाइक आगे लगा दी।
बाइक पर पीछे बैठा लुटेरा तेजी से नीचे उतरा और रामबाबू के तमंचा अड़ा दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए बहू रेखा की झुमकी, मंगलसूत्र, दो अंगूठी और पत्नी कांती के दो टप्स, मंगलसूत्र, अंगूठी उतरवा ली। लाखों के जेवरात लूटने के बाद बाइक सवार लुटेरे बाइक की चाबी निकालकर भाग निकले।
‘साहब गोली मत मारना...’
बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा अड़ाकर लूट का प्रयास किया तो रामबाबू गिड़गिड़ाते हुए बोले- साहब! गोली मत मारना। सब कुछ उतारकर दे रहे हैं। पत्नी और बहू से जेवर देने के साथ खुद भी जेब से 1100 रुपये और मोबाइल निकालकर दे दिया। बाद में रामबाबू बोले- जिंदगी बच गई, कोई बात नहीं ले जाने दो।