रकम दोगुना का झांसा देकर निवेशकों से धोखाधड़ी की आरोपी सांई प्रसाद ग्रुप ऑफ कंपनीज के बर्रा के मातृछाया कांपलेक्स स्थित दफ्तर पर मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने सोमवार को छापेमारी की। ताला बंद मिलने पर टीम दफ्तर सीज करने के बाद नोटिस चस्पा कर लौट गई।
जानकारी के मुताबिक मुंबई में सांई ग्रुप की डायरेक्टर के खिलाफ निवेशकों से धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी, जिसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। टीम में शामिल एपीआई सिंधे, गायकवाड़, पीएन कदम और कांस्टेबल पीसी फड़तरे बर्रा पुलिस के साथ सोमवार सुबह कांपलेक्स स्थित दफ्तर पहुंचे।
जहां टीम को ताला लगा मिला। इस पर टीम ने सीज की कार्रवाई करते हुए नोटिस भी चस्पा कर दिए। एपीआई सिंधे ने बताया कि डायरेक्टर, उसकी पत्नी और बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है, जिसमें तीनों को गिरफ्तार करके जांच-पड़ताल की जा रही थी।
उन्हें सूचना मिली थी कि यूपी और एमपी स्थित सांई प्रसाद ग्रुप के दफ्तरों में एजेंट अभी भी कारोबार कर रहे हैं। इसी के चलते दफ्तरों में छापेमारी की गई है। यहां छापेमारी से पहले टीम ने आगरा, मथुरा, ग्वालियर और झांसी के दफ्तरों को सीज किया है। इसके बाद टीम इलाहाबाद और बनारस जाएगी।