खूंखार कैंदी को शॉपिंग करवाने के मामले में एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अभिरक्षा में प्रतापगढ़ में अपने घर गए कुख्यात कैदी को चार पुलिसवाले नये कपड़े खरीदवाने के लिए शॉपिंग मॉल ले गए थे। जांच के बाद एसपी ने चारों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। कैदी को वापस कानपुर देहात की माती भेज दिया गया है।
प्रतापगढ़ जिले के निवासी विकास मिश्रा पर मर्डर, बलवा जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। राजनीतिक व अन्य कारणों से अपराधी विकास को प्रशासनिक आधार पर कानपुर देहात की जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। बीते दिन घर जाने के लिए छुट्टी मिली हुई थी। पुलिस लाइन से एचसीपी गिरीशंचद्र व सिपाही नरेंद्र बाबू, वीरेंद्र नागर और फूल सिंह की ड्यूटी कैदी के साथ लगाई गई।
यह लोग कैदी के साथ गए। इन लोगों ने प्रतापगढ़ में मॉल से विकास मिश्रा की शॉपिंग करवाई। इस पूरे प्रकरण की जानकारी एसपी को हुई तो उन्हाेंने वहां के मॉल से सीसीटीवी फुटेज खंगलवाया। पुलिस कर्मी कैदी विकास मिश्रा को खरीददारी करते हुए दिखे। एसपी ने बताया कि पुलिस मैन्युअल में खूंखार अपराधी को इतनी ढील देना गुनाह है। पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, अन्य कार्रवाई चल रही है।