यूपी में फर्रुखाबाद के सेंट्रल जेल में सजा काट रहे वृद्ध को ईंट मार कर साथी ने घायल कर दिया। घटना की जानकारी होने पर कैदी को लोहिया अस्पताल लाया गया। यहां से उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी हालत खराब होने पर बंदी रक्षकों ने उसे कन्नौज के जिला अस्पताल में दिखाया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया। जेलर की तहरीर पर पुलिस ने गैरइरादतन हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
कानपुर देहात थाना अकबरपुर के गांव हरीरामपुरवा मुबारकपुर साटा निवासी गौरीशंकर(74) पुत्र हेमराज सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में आजीवन सजा सर्किल संख्या एक बैरक संख्या एक में काट रहा था। इसी बैरक में फतेहपुर थाना अशोक नगर के गांव कुसुंबी निवासी चंद्रहास पांडेय पुत्र शिवराम भी हत्या में सजा काट रहा है।
गुरुवार तड़के 3.15 बजे गौरीशंकर सर्किल संख्या एक बैरक संख्या एक में था। उसी समय चंद्रहास ने बैरक में रखी ईंट को उठा कर सो रहे गौरीशंकर के सिर पर मार दी। चीख की आवाज होने पर बैरक में लेटे अन्य कैदी जाग गए। शोर होने पर कैदियों ने जैसे तैसे चंद्रहास को पकड़ कर अलग किया। इसकी सूचना बंदी रक्षकों को हुई तो वह लोग आनन फानन में मौके पर पहुंच गए।