जूही में अवैध संबंध के शक में पति ने गर्भवती पत्नी (26) को पीट-पीट कर मार डाला। ससुरालीजन शव मकान के बाहर तख्त पर छोड़ कर भाग निकले। मायके पक्ष के लोगों ने पति जीतू पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
एसपी पूर्वी डी प्रदीप कुमार, बाबूपुरवा सीओ लेखराज सिंह, जूही थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। इस बीच मायके वालों ने पति को पकड़कर जमकर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पति, सास को गिरफ्तार कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
48 क्वार्टर कॉलोनी निवासी जीतू नगर निगम में संविदा कर्मी है। चार साल पहले उन्नाव के तालिब सराय की बबली से उसका विवाह हुआ था। बबली के भाई जितेन्द्र के मुताबिक जीतू को बहन का किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का शक था।
इस वजह से शराब के नशे में अक्सर वह बबली के साथ मारपीट करता था। पांच दिन पहले भी शराब के नशे में धुत होकर जीतू ने आठ माह की गर्भवती बबली के साथ मारपीट की थी। बबली की हालत बिगड़ने पर ससुरालीजनों ने उसे नजदीक के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया। बुधवार सुबह बबली की मौत होने की सूचना दी।
वह मां गीतादेवी, छोटी बहन बबिता के साथ बहन के घर पहुंचा तो ससुरालीजन घर में ताला लगाकर फरार थे। बबली का शव मकान के बाहर तख्त पर पड़ा हुआ था। बबली के सिर पर गंभीर चोट थी। उसके बाल कई जगह से उखड़े हुए थे और शरीर के अन्य हिस्सों में भी मारपीट किये जाने के निशान थे।
जितेन्द्र का आरोप है कि जीतू ने उसकी पीट-पीट कर हत्या की है। एसपी पूर्वी ने बताया कि जितेन्द्र की तहरीर पर दहेज हत्या, जबरन गर्भपात की धाराओं में रिपोर दर्जकर जीतू उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया।