फर्रुखाबाद सेंट्रल जेल में तैनात एक बंदी रक्षक का शव संदिग्ध परिस्थिति में शुक्रवार सवेरे शमसाबाद के रजलामई इलाके में पड़ा मिला। शव को देखकर घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। बाद में किसी ने पुलिस को इत्तला किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कर जेलर व मृतक के परिजनों को बुलवाया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक की पहचान बरेली जिले के नंगला भवरिया निवासी हरिओंम मिश्रा पुत्र रामअवतार मिश्रा के रूप में हुई जो फर्रुखाबाद में सेंट्रल जेल में बंदी रक्षक पद पर तैनात थे। परिवार में पत्नी सुष्मा समेत दो बेटे विजित मिश्रा, प्रांजुल मिश्रा, व दो बेटी प्रियंका मिश्रा व अर्चना मिश्रा हैं। बड़ी बेटी प्रियंका की शादी हो चुकी है।
पिता की मौत पर परिवार में कोहराम
घटना स्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी व ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार तड़के हरिओंम मिश्रा का शव शमसाबाद के रजलामई इलाके में पड़ा मिला। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने मौके पर परिजनों व जेलर को बुलाया। पिता की मौत की खबर सुन बड़ा बेटा विजित मिश्रा व छोटी बेटी अर्चना घटनास्थल पर पहुंचे।
पत्नी सुष्मा की गैरमौजूदगी पर पुलिस ने सवाल किया तो विजित ने बताया वह भैया दूज पर मामा के घर गई हैं। उधर, जेलर सुमित कुमार भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।