हमीरपुर जिले में ललपुरा थानाक्षेत्र के मोराकांदर परसनी गांव में अपने ननिहाल आए दिल्ली निवासी अधेड़ की रिश्तेदार ने सिर पर डंडा मारकर हत्या कर दी। घटना मौरंग खदान के रास्ते पर होने से आवागमन बंद हो गया। इस कारण बड़ी संख्या में ट्रकों की लाइन लग गई।
घटना की सूचना पर एएसपी व सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच की। दिल्ली निवासी नकी हैदर (48) पुत्र लतीद हैदर का मौंराकादर परसनी गांव में ननिहाल है। वह बीते सप्ताह यहां के रहने वाले रिश्तेदार रसन पुत्र मेंहदी हसन के यहां आए थे।
नकी हैदर की मां के नाम पर गांव में 20 बीघे जमीन है। हुआ यह सोमवार देर शाम पांच बजे वह गांव निवासी रिश्तेदार अब्बास हुसैन के पुत्र लवी के साथ शराब पीने गए थे। इसी बीच ठेके के पास पान की दुकान पर दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर लवी ने नकी पर डंडे से हमला कर दिया। डंडा लकी के सिर में लगा। जिससे वह सड़क में गिर गए और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। बेतवा नदी की टीकापुर मौरंग खदान की सड़क पर हुई घटना से ट्रकों की भी लाइनें लग गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ललपुरा थानाध्यक्ष दृगविजय सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने बताया लवी मौके से फरार है। शव रास्ते पर पड़े होने से ट्रकों की कतार लग गई। पुलिस ने शव को हटवाकर जाम खुलवाया। अपर पुलिस अधीक्षक एसके सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है।
आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगाईं हैं। उन्होंने बताया रसन पुत्र मेंहदी हसन की तहरीर पर लवी पुत्र अब्बास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया नकी दिल्ली के जाकिर नगर के रहने वाले बताए जा रहे है। इस बारे में पता किया जा रहा है।